भारतीय वायुसेना के एयर फेस्ट के चलते नागपुर एयरपोर्ट पर 21 और 22 नवंबर को दो घंटे तक हवाई क्षेत्र रहेगा बंद

 


नागपुर, 20 नवंबर (हि.स.) । भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के एयर फेस्ट के आयोजन के मद्देनजर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नागपुर का हवाई क्षेत्र 21 और 22 नवंबर को दो घंटे के लिए बंद रहेगा। इस दौरान विमान से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी उड़ानों के समय की पहले से जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

हवाई अड्डा प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक यात्री सूचना के अनुसार, दोनों दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हवाई क्षेत्र बंद रहेगा। भारतीय वायुसेना के एयर शो के सुचारु आयोजन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

इस दो घंटे की अवधि के दौरान प्रभावित होने वाली उड़ानों के समय में संबंधित विमानन कंपनियों ने पहले ही बदलाव कर दिया है। कई उड़ानों के प्रस्थान और आगमन के समय को पुनर्निर्धारित किया गया है।

हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन से संपर्क कर अपनी उड़ान के संशोधित समय की पुष्टि अवश्य कर लें। साथ ही, यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय रहते एयरपोर्ट पहुंचने की योजना बनाएं।

प्रशासन ने यात्रियों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अपनी यात्रा से संबंधित नवीनतम जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया है।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी