भारतीय रेलवे ने गुजरात के अहमदाबाद मंडल के लिए 140 करोड़ रुपये के कवच प्रोजेक्ट को दी मंजूरी
नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने गुजरात में रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए अहमदाबाद मंडल में स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ संस्करण 4.0 की स्थापना के लिए 140 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
रेल मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 598 रूट किलोमीटर और 48 ब्लॉक सेक्शनों पर कवच प्रणाली स्थापित की जाएगी। इस परियोजना को भारतीय रेलवे के शेष मार्गों पर एलटीई आधारित संचार नेटवर्क के साथ कवच उपलब्ध कराने के व्यापक कार्यक्रम के तहत स्वीकृति दी गई है।
मंत्रालय ने बताया कि अहमदाबाद मंडल में इससे पहले लगभग 702 रूट किलोमीटर पर कवच कार्य पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है। नई परियोजना की मंजूरी के बाद मंडल के शेष मार्ग भी कवच प्रणाली के दायरे में आ जाएंगे, जिससे पूरे मंडल में इस अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीक का व्यापक विस्तार सुनिश्चित होगा।
कवच भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) प्रणाली है, जो रेल परिचालन सुरक्षा को बढ़ाने के लिए तैयार की गई है। यह सिग्नल पासिंग एट डेंजर (एसपीएडी) जैसी घटनाओं को रोकने, आवश्यक होने पर स्वतः ब्रेक लगाने, संवेदनशील परिस्थितियों में ट्रेन की गति नियंत्रित करने तथा टक्कर के जोखिम को कम करने में सक्षम है।
भारतीय रेलवे देशभर में रेल सुरक्षा और आधुनिक परिचालन प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए अपने नेटवर्क पर चरणबद्ध तरीके से कवच प्रणाली का विस्तार कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार