भारत-आसियान साझेदारी को डिजिटल, रक्षा व अंतरिक्ष क्षेत्रों तक विस्तारित किया गया: मोदी

 


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत और आसियान की साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में नए आयाम हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय हो।

मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन की शुरुआत में अपने संबोधन में कहा कि पिछले वर्षों में भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है। उन्होंने आसियान की सफल अध्यक्षता और भारत के देश समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस को बधाई और धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आसियान नेताओं के साथ इस प्रारूप में यह उनका 13वां संवाद है। वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं, लगभग 250 त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ान सेवाएं तथा पर्यटन में बढ़ोतरी भी दोनों पक्षों के बीच बढ़ती निकटता का प्रमाण है।

मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया एक के बाद एक कई संकटों से गुजरी है। ऐसे समय में विश्व को सबसे अधिक शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की आवश्यकता है। इस संदर्भ में इस वर्ष की शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टुगेदर’ (मिलकर अपने भविष्य की राह तय करना) विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के पास इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बनाने की क्षमता और संकल्प दोनों हैं। दोनों पक्षों को मिलकर ऐसा भविष्य सुनिश्चित करना चाहिए, जो प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग पर आधारित हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष आसियान देशों की यह उनकी तीसरी यात्रा है, जो भारत के लिए इस संगठन के विशेष महत्व को दर्शाती है। भारत का मानना है कि उसका विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में आसियान समुदाय दृष्टि-2045 और विकसित भारत-2047 दोनों पक्षों की साझा आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान ने अपनी साझेदारी को नई गति दी है और अब मिलकर क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देने का समय है। इस साझेदारी में आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटल है और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिखर सम्मेलन भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई प्रदान करेगा और एक सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बैठक में सभी नेताओं के विचार और सुझाव सुनने के लिए उत्सुक हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार