फिरोजपुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता

 


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया। तीनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि फिरोजपुर, पंजाब में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि फिरोजपुर जिले में हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना की खबर से वह अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर अपने संदेश में कहा कि फिरोजपुर जिले में हुए हादसे की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार