प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रशेखर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, '' इस वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री श्री चंद्रशेखर जी 100वीं जयंती वर्ष की शुरुआत हो रही है। यह एक समृद्ध और न्यायपूर्ण भारत के उनके स्वप्न को साकार करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। श्री चंद्रशेखर जी को एक ऐसे जननेता के रूप में याद किया जाता है, जो साहस, दृढ़ विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी निष्ठा से परिपूर्ण थे।''
उन्होंने लिखा, '' भारत की माटी से गहराई से जुड़े और आम नागरिकों की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील चंद्रशेखर जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी और स्पष्टता का संचार किया। मुझे वे अवसर भली-भांति याद हैं, जब मुझे उनसे मिलने और राष्ट्र के विकास से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैं भारत के युवाओं से आह्वान करता हूं कि वे भारत की प्रगति की दिशा में उनके विचारों और प्रयासों के बारे में अधिक से अधिक पढ़ें।''
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद