नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : कैबिनेट सचिव
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन ने शुक्रवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक के साथ बैठक कर नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुचारु संचालन में बाधा डालने या किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा के सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारु संचालन के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। कैबिनेट सचिव ने सभी संबंधित एजेंसियों और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सोमनाथन ने कहा कि केंद्र सरकार, राज्य सरकारें और जिला प्रशासन मिलकर पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता को प्रभावित करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून की पूरी ताकत से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि एक जून को केंद्रीय मंत्रालयों और संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई थी। इसके बाद चार जून को राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं और प्रगति का आकलन किया गया।
सरकार का कहना है कि इन बैठकों का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना, तैयारियों को और मजबूत बनाना तथा नीट पुनर्परीक्षा की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक स्तर पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार