नासिक में एनएच-60 के विस्तार को मंजूरी, कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को मिलेगा बल
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र के नासिक में राष्ट्रीय राजमार्ग-60 पर द्वारका सर्किल से उपनगर नाका और दत्ता मंदिर चौक तक सड़क को छह लेन बनाने की परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना पर 221.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
गडकरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर दो लेन की सर्विस रोड का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य यात्रा समय कम करना, यातायात को सुगम बनाना, सड़क सुरक्षा को मजबूत करना तथा ‘स्मार्ट सिटी’ के लक्ष्यों को समर्थन देना है। साथ ही वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए कनेक्टिविटी को और अधिक प्रभावी बनाना भी इसका अहम लक्ष्य है।
मंत्री के अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद नासिक शहर में यातायात प्रबंधन बेहतर होगा और श्रद्धालुओं तथा आम लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार