दिल्ली में 15 मार्च को होगा राजस्थानी 'आपणी गणगौर' कार्यक्रम

 

नई दिल्ली, 23 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के छतरपुर में 77वें राजस्थान स्थापना दिवस पर आगामी 15 मार्च को एक भव्य सांस्कृतिक 'आपणी गणगौर' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब 1000 राजस्थानी महिला कलाकार सामूहिक रूप से घूमर नृत्य प्रस्तुत करेंगी।

एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक यह आयोजन राजस्थानी मित्र मण्डल एवं राजस्थान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में छतरपुर स्थित आराध्य सेवा केन्द्र में आयोजित होगा।

राजस्थान फाउंडेशन (दिल्ली चैप्टर) के अध्यक्ष आर.के. किला ने शनिवार को बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस वर्ष से राजस्थान दिवस 30 मार्च (अंग्रेजी तिथि) के स्थान पर हिंदू तिथि के अनुसार मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को दोपहर 2:00 बजे से गणगौर महोत्सव एवं महाघूमर होगा, जिसमें लगभग 1000 राजस्थानी महिला कलाकार सामूहिक रूप से घूमर नृत्य प्रस्तुत करेंगी। यह आयोजन नारी शक्ति, लोक-परंपरा और राजस्थान की सांस्कृतिक आत्मा का जीवंत प्रतीक होगा।

किला ने बताया कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि दिल्ली में रहने वाले राजस्थानी परिवारों को अपनी जड़ों से जोड़ने और हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर राजस्थान के विकास में प्रवासी राजस्थानियों के योगदान पर एक परिचर्चा और पैनल चर्चा भी होगी।

इस कार्यक्रम में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों के आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी