चिल्लई कलां खत्म होते ही कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान बढ़ा
श्रीनगर, 30 जनवरी (हि.स.)। अत्यधिक सर्दी के लिए मशहूर 40 दिन की अवधि वाला 'चिल्लई कलां' शुक्रवार को समाप्त हो गया, जिसके बाद कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान बढ़ गया। श्रीनगर सहित कई इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से ऊपर पहुंच गया, जिससे तीव्र ठंड से राहत मिली।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पिछली रात के शून्य से 0.6 डिग्री नीचे था। यह मौसमी सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। कोनिबल (1.0 डिग्री सेल्सियस), पुलवामा (0.1) और कुलगाम (1.1) सहित अन्य क्षेत्रों में भी रात का तापमान शून्य से ऊपर बना हुआ है। अधिकांश मौसम केन्द्रों पर तापमान मौसमी औसत से ऊपर दर्ज किया गया।
गंदेरबल जिले में सोनमर्ग शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 11.2 डिग्री से थोड़ा अधिक है। बारामूला जिले के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में तापमान शून्य से 9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कोकरनाग और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 0.6 डिग्री नीचे और शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
चिल्लई कलां 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और ऊंचाई वाले इलाकों में कई बार अच्छी बर्फबारी हुई। श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। इस अवधि के अंत में 20 दिवसीय चिल्लाई खुर्द (छोटी ठंड) की शुरुआत होती है, जिसके बाद 10 दिवसीय चिल्लाई बच्चा (बच्चों की ठंड) होगी। अधिकारियों ने कहा कि रविवार को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के इस क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता