कश्मीर में ठंड बढ़ी, पुलवामा में पारा माइनस 4 डिग्री तक लुढ़का

 

श्रीनगर, 19 दिसंबर (हि.स.)। थोड़ी राहत के बाद कश्मीर में ठंड बढ़ गई और रात का तापमान गिर गया है। घाटी के अधिकांश स्थानों पर हिमांक बिंदु से नीचे पहुंच गया है। पुलवामा शहर में गुरुवार की रात शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.2 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री कम है। आज तड़के श्रीनगर और घाटी के अधिकांश अन्य हिस्सों खासकर जल निकायों के पास कोहरे की घनी परत छाई रही। दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कोकेरनाग और काजीगुंड में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.5 डिग्री और शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम अधिकारियों ने कहा कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर 1.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कश्मीर घाटी 21 दिसंबर को चिल्लई-कलां की शुरुआत के लिए तैयार है क्योंकि इस अवधि में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक है, जिससे घाटी में तापमान तेजी से गिर रहा है। चिल्लई-कलां 30 जनवरी को समाप्त होगा। अधिकारियों ने कहा कि इस सर्दी में अब तक घाटी में कोई बड़ी बारिश नहीं देखी गई है। अब तक शुष्क मौसम के कारण खांसी और सामान्य सर्दी जैसी बीमारियों में वृद्धि हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने चिल्लई-कलां की शुरुआत के साथ 20-21 दिसंबर को गीला मौसम रहने की भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग ने कहा कि कश्मीर के ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी की उम्मीद है, जबकि हल्की से मध्यम बारिश मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकती है, जिससे शुष्क मौसम समाप्त हो जाएगा।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता