कश्मीर के पर्यटन स्थलों और घाटी के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी ने किया नव वर्ष का स्वागत

 


श्रीनगर, 01 जनवरी (हि.स.)। कश्मीर में लोकप्रिय पर्यटन स्थलों और घाटी के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी के बीच नव वर्ष का स्वागत हुआ। गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग सहित पर्यटन स्थलों पर रात भर ताजा बर्फबारी हुई, जो गुरुवार सुबह तक जारी रही। बर्फबारी को देखते हुए बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी की ओर उमड़ पड़े।

गुरेज की तुलैल घाटी, बांदीपोरा का राजदान टॉप, कुपवाड़ा का मच्छिल और साधना टॉप तथा जोजिला दर्रा जैसे कई ऊंचे इलाकों में भी ताजा बर्फबारी हुई। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का पिछला हिस्सा शाम तक दूर चला जाएगा, जिससे मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा। हालांकि, शुक्रवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। बादल छाए रहने के कारण रात का तापमान मौसमी औसत से अधिक रहा और अधिकांश स्थानों पर हिमांक बिंदु से ऊपर रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक ताजा बर्फबारी के बावजूद घाटी में असामान्य रूप से गर्म शीत ऋतु जारी है, जहां तापमान मौसमी औसत से 1.2 से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।बुधवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था।गुलमर्ग इस क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा जो पिछली रात के तापमान से 2.5 डिग्री कम था। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.3 डिग्री अधिक था और घाटी के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में पारा 2 डिग्री सेल्सियस पर रहा जो सामान्य तापमान से 5 डिग्री अधिक था।

कश्मीर घाटी वर्तमान में ‘चिल्लई-कलां’ नामक 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि से गुजर रही है। इस दौरान रात का तापमान आमतौर पर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर जाता है। हालांकि, वर्तमान आंकड़े सामान्य पैटर्न से भिन्न हैं। इस चरम मौसम के दौरान हिमपात की संभावना सबसे अधिक और प्रबल होती है। हालांकि, घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम में अभी तक हिमपात नहीं हुआ है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता