इतिहास के पन्नों में 07 सितंबर : जब चांद की सतह से 2.1 किमी पहले टूटा था विक्रम से संपर्क
भारत और दुनिया के इतिहास में 07 सितंबर का दिन कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए जाना जाता है। आज ही के दिन वर्ष 2019 में भारत चंद्रमा पर इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंचा था लेकिन एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने से चूक गया था। हम बात कर रहे हैं भारत के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-2 मिशन की। 07 सितंबर 2019 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम को चंद्रमा की सतह पर उतारने का प्रयास किया था। लैंडिंग के दौरान चंद्रमा की सतह से करीब 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर विक्रम लैंडर का इसरो के नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया था।
इस घटना के बावजूद चंद्रयान-2 मिशन को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया। इसरो ने चंद्रयान-2 के अनुभवों और कमियों से सबक लिया और चंद्रयान-3 के लिए अपनी तकनीक को बेहद मजबूत किया। अपनी उन तैयारियों के दम पर भारत ने 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट-लैंडिंग कराकर इतिहास रच दिया और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1812- नेपोलियन ने रूसी सेना को हराया।
1822- ब्राजील ने पुर्तगाल से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।
1906- बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना हुई।
1923- विएना में इंटरपोल की स्थापना।
1931- लंदन में गोलमेज सम्मेलन का दूसरा सत्र शुरू हुआ।
1950- हंगरी में सभी मठों को बंद किया गया।
1977- इथोपिया ने सोमालिया के साथ राजनयिक संबंध तोड़े।
1999- एथेंस में 5.9 तीव्रता के भूकंप से 143 लोगों की मौत हो गयी और 500 से अधिक घायल हो गए तथा 50,000 लोग बेघर हो गए।
2002- इयाजुद्दीन अहमद बांग्लादेश के नये राष्ट्रपति बने।
2004- फिजी के विजय सिंह टाइगर वुड्स को पीछे छोड़कर विश्व के नम्बर एक गोल्फर बने।
2006- बेरेंट्स सागर में रूस की एक परमाणु पनडुब्बी में आग लगने से चालक दल के दो सदस्यों की मौत।
2009- भारत के पंकज आडवाणी ने विश्व पेशेवर बिलियडर्स का खिताब जीता।
2012- दक्षिण-पश्चिम चीन में भूकंप से 64 लोग मारे गए और 715 घायल हो गये।
2019- भारत का चंद्रयान-2 अभियान असफल, लैंडर ‘विक्रम’ का चांद पर उतरने से ठीक पहले पृथ्वी के नियंत्रण केन्द्र से संपर्क टूटा था।
जन्म
1887 - गोपीनाथ कविराज- संस्कृत के विद्वान् और महान दार्शनिक।
1925 - पी. भानुमति- भारतीय अभिनेत्री, गायिका, फिल्म निर्माता और निर्देशक थीं।
1934 - बी. आर. इशारा- प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्देशक।
1934 - सुनील गंगोपाध्याय- सरस्वती सम्मान से सम्मानित प्रसिद्ध साहित्यकार थे।
1941 - सुरेन्द्र वर्मा- हिन्दी के प्रतिष्ठित साहित्यकार।
1951 - ममूटी- मलयालम फिल्म अभिनेता।
1963 - नीरजा भनोट- अशोक चक्र विजेता विमान परिचारिका।
निधन
1998 - के. एम. चांडी- स्वतंत्रता सेनानी तथा गुजरात और मध्य प्रदेश के भूतपूर्व राज्यपाल।
2013 - रोमेश भंडारी- त्रिपुरा, गोवा और उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व राज्यपाल थे।
महत्वपूर्ण दिवस एवं उत्सव
इंटरनेशनल डे ऑफ क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काई
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह