आईआईटी दिल्ली 21 मार्च को ‘अन्वेषण 2026’ का आयोजन करेगा
नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली 21 मार्च को अपने हौज खास परिसर में अंतिम वर्ष के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए ‘अन्वेषण: इनोवेशन एंड एक्सप्लोरेशन अक्रॉस डिसिप्लिन्स’ का आयोजन करेगा।
आईआईटी ने सोमवार को बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा के लिए आईआईटी दिल्ली में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों को संस्थान का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। ‘अन्वेषण’ के माध्यम से छात्र परिसर का भ्रमण कर सकेंगे तथा संस्थान के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर सकेंगे।
संस्थान के अनुसार इस पहल का प्रमुख उद्देश्य छात्रों को सही समय पर उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने करियर से जुड़े निर्णय सोच-समझकर ले सकें।
‘अन्वेषण 2026’ के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 मार्च निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र निर्धारित लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
यह कार्यक्रम आईआईटी दिल्ली के ऑफिस ऑफ एकेडमिक आउटरीच एंड न्यू इनिशिएटिव्स द्वारा #एक्सपीरियंसलआईआईटीडी पहल के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
हाल ही में #एक्सपीरियंसलआईआईटीडी पहल के तहत आईआईटी दिल्ली ने कोटा में ओपन हाउस का आयोजन किया था, जहां जेईई अभ्यर्थियों को संस्थान के छात्रों और प्राध्यापकों से सीधे संवाद का अवसर मिला। इस दौरान छात्रों ने अपनी तैयारी से जुड़े प्रश्न पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
संस्थान ने 6-7 जून को दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु में जेईई एडवांस्ड क्वालिफाइड छात्रों के लिए ओपन हाउस आयोजित करने की योजना बनाई है। इसके अतिरिक्त, 5 जून को ‘आईआईटीडी कॉलिंग’ नामक ऑनलाइन सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
इसी बीच, शैक्षणिक वर्ष 2026-27 (प्रथम सेमेस्टर) के लिए विदेशी नागरिकों के लिए पीएच.डी. और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च (सायं 4 बजे) है।
भारतीय अभ्यर्थियों के लिए पीएच.डी., एम.टेक., एम.एस. (आर), एम.डिज., एम.पी.पी., एम.ए. और एम.एससी. कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन पोर्टल पर मार्च के तीसरे सप्ताह में खोला जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार