अमित शाह ने भाजपा स्थापना दिवस पर पर दी शुभकामनाएं

 


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। भाजपा और वरिष्ठ पार्टी नेता और केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं और देशवासियों को पार्टी के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा ने एक्स पर लिखा, '' राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय का संकल्प और सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर चले वाले विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की आप सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।''

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने व्हाट्स ऐप संदेश में लिखा, '' डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की राष्ट्रवादी चिंतन और वैचारिक प्रेरणा से बनी भारतीय जनता पार्टी की स्थापना केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का संकल्प था। अंतिम पंक्ति के कल्याण की मूल भावना के साथ शुरू हुई भाजपा ने मोदी जी के नेतृत्व में 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास ' के मंत्र को साकार किया है। ''

उन्होंने लिखा, ''भाजपा ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के साथ देश को तुष्टीकरण से मुक्त व सुशासन, पारदर्शिता को स्थापित करने का कार्य किया है। आज भाजपा केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सपनों और आकांक्षाओं की प्रतिनिधि बन चुकी है। ''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद