हासीपहाड़ी में हथियार-जिंदा कारतूस के साथ झारखंड का युवक गिरफ्तार, चार दिन की पुलिस रिमांड

 


पश्चिम बर्दवान, 12 जुलाई (हि.स.)। सालानपुर थाना क्षेत्र के हासीपहाड़ी स्थित केबल्स क्वार्टर इलाके से पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपित को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान झारखंड के धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारडूबी मैथन मोड़ निवासी 28 वर्षीय सागर यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की गश्ती टीम हासीपहाड़ी स्थित केबल्स क्वार्टर इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस वाहन को देखते ही वह भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित का इस इलाके में पहले भी आना-जाना रहा है। घटना वाले दिन वह केबल्स क्वार्टर क्षेत्र में किस उद्देश्य से आया था, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपित के पास से हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद किसी बड़े अपराध की साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ कर रही है। साथ ही बरामद हथियार के स्रोत, झारखंड से हथियार पश्चिम बंगाल तक कैसे पहुंचा और इस नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही, इसकी भी गहन जांच की जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा