विकसित भारत युवा संसद सम्मेलन में डॉ. मांडविया ने कहा, युवा न केवल हमारा भविष्य बल्कि समाधान भी हैं

 

 

नई दिल्ली, 16 जून (हि.स)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि युवा न केवल हमारा भविष्य हैं बल्कि वे समाधान भी हैं। विकसित भारत की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत की कल्पना की है, जब देश स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री ने नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में विकसित भारत युवा संसद 2026 के राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने युवाओं से इस राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। भारत की जनसांख्यिकीय शक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह जनसांख्यिकीय लाभांश हमारी शक्ति और हमारा सामर्थ्य है।

डॉ. मांडविया ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और यदि युवा सामूहिक संकल्प लें तो वे देश के सामने आने वाली हर चुनौती का समाधान ढूंढ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के युवाओं की क्षमताओं पर निरंतर विश्वास जताया है और जनजातीय समुदायों, तटीय क्षेत्रों और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों सहित विभिन्न पृष्ठभूमियों से एक लाख युवा नेताओं को तैयार करने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए ऐसे एक लाख युवा नेताओं को तैयार किया जाना चाहिए। युवा कार्यक्रम मंत्रालय ने यह जिम्मेदारी ली है।

केंद्रीय मंत्री ने एमवाई भारत के अंतर्गत युवा नेतृत्व वाली पहलों के बढ़ते प्रभाव पर भी प्रकाश डाला, जिनमें विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, विकसित भारत बजट क्विज, युवा कनेक्ट और अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं, जो युवाओं को शासन, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

डॉ. मंडाविया ने जनरेशन जेड की भावना का वर्णन करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, जोश और विचारों को विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निर्देशित किया जाना चाहिए। डॉ. मांडविया ने इस बात पर भी बल दिया कि युवा संसद जैसे मंच भावी नेताओं को सीखने, बहस करने, जुड़ने और राष्ट्र की प्रगति में सार्थक योगदान देने के अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों में केंद्रीय खेल मंत्री के साथ युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल, लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह और अपर सचिव (युवा कार्यक्रम) नितेश मिश्र सहित मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में 15-17 जून 2026 तक विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी को परिपुष्ट करना और शासन, नीतिगत विचार-विमर्श और संसदीय कामकाज का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले युवा प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और विकसित भारत@2047 की परिकल्पना में योगदान देने के लिए एक साथ जोड़ा गया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर