योगी आदित्यनाथ ने की गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट
नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कर्तव्य भवन में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों के बीच बैठक करीब 50 मिनट तक चली। माना जा रहा है कि इस दौरान राज्य के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। योगी आदित्यनाथ देर शाम को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। इस मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा संगठन में बड़े बदलावों की चर्चा भी तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में उत्तर प्रदेश के चुनावी समर के लिए बड़ी योजना पर चर्चा की गई है। विपक्षी दलों ने हाल ही में राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है। इसको लेकर पार्टी की रणनीति बनाई गई है। समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए’( पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्ड को काटने के लिए भी कई चेहरों को उतारने की तैयारी है। इसके साथ राज्य में अयोध्या समेत कई क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को समय से पहले पूरा करने और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति को और आक्रामक बनाया रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी