बंगाल में युवा परेशान, किसान निराश, उद्योग बर्बाद, तुष्टिकरण में व्यस्त तृणमूल सरकार : योगी आदित्यनाथ
कोलकाता, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवा परेशान हैं, किसान निराश हैं और उद्योग ध्वस्त हो चुके हैं, लेकिन सरकार केवल तुष्टिकरण की राजनीति में लगी हुई है।
पिंगला विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में रेत, कोयला, जमीन और पशु तस्करी से जुड़े माफिया सक्रिय हैं, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘जय श्रीराम’ के नारों से ही परेशान रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहारों से पहले अशांति फैलती है और जुलूसों पर पथराव की घटनाएं होती हैं।
दो अन्य जनसभाओं को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 2017 से पहले के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने पर लाठीचार्ज और गोलीबारी होती थी, लेकिन अब प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर है और “न कर्फ्यू, न दंगा” व्यवस्था लागू है। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाती है और राज्य माफिया व गुंडाराज से मुक्त हो चुका है।
उन्होंने बंगाल के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यहां की उपजाऊ भूमि देश को खाद्यान्न उपलब्ध कराती है। साथ ही उन्होंने देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर अनुसूचित जाति और जनजाति के उत्थान में विफल रहने का आरोप लगाया।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना चाहते थे, लेकिन विपक्षी दलों ने इसमें बाधा डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने राष्ट्रपति का भी अपमान किया, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल में सात हजार से अधिक बड़े उद्योग और 18 हजार से ज्यादा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे 30 लाख से अधिक युवा बेरोजगार हो गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आलू, धान और मछली के उत्पादन में गिरावट आई है और किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब बिना भेदभाव के गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, पेंशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने इसे “सबका साथ, सबका विकास” मॉडल बताया और लोगों से इसे देखने का आह्वान किया।
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी में बाधा डाल रही है और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण गौ तस्करी, अवैध घुसपैठ और माफिया गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।
सभा के दौरान उन्होंने रवींद्रनाथ ठाकुर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी सहित कई महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल ने देश को नेतृत्व दिया है और अब इसे अव्यवस्था से मुक्त करना जरूरी है।
उन्होंने पिंगला से स्वागता मन्ना और केशपुर से सुवेंदु सामंता के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही राज्य में कानून व्यवस्था स्थापित कर सकती है और विकास सुनिश्चित कर सकती है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर