वा​र्षिकी : पुलिस की सख्त से प्रदेश छोड़ने को मजबूर हुए अपराधी, इस साल मुठभेड़ में मारे गए 48 अपराधी

 


लखनऊ, 31 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुधारने, अपराध पर अंकुश लगाने के लिहाज से यह वर्ष 2025 पुलिस विभाग के लिए बेहद खास रहा है। इस वर्ष सरकार की जीरों टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस जहां अपराधियों पर नकेल कसने में सफल रही हैं तो इसे बल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करोड़ों का बजट विभाग को दिया। इस साल की बात की जाए तो 2,739 पुलिस कार्रवाई हुई, जिसमें 48 अपराधी मुठभेड़ में मारे गए और 3,153 अपराधी घायल हुए हैं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी शहीद और 138 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बुधवार को एक पत्रकार वार्ता कर बताया कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर हमने बेहतर प्रदर्शन किया है। जुलाई 2023 से अब तक हमने 1 लाख 25 हजार 985 अपराधियों को हमने कोर्ट में दोषसिद्ध करवाया। इनमें 79 को मृत्युदंड मिला। साल 2017 की तुलना में रेप की घटनाओं 53 फीसदी की कमी आई है। 15 मामलों में पिट एनडीपीएस की कार्यवाही हुई। 16 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि एएनटीएफ ने इस साल जब्त की है। डीजीपी ने बताया कि डकैती की घटना में 91 फीसदी, दुष्कर्म की घटनाओं में 53 फीसदी की कमी आई हैं। इसके अलावा अपहरण में 17 फीसदी और दहेज हत्या में 12 फीसदी कमी आई हैं। एनसीआरबी यूपी क्राइम रेट में 20वें स्थान पर है।

अवैध धर्मांतरण पर सख्त कार्रवाई

उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस साल अवैध धर्मांतरण के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की हैं। इस साल छांगुर गैंग का भंडाफोड़ कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया। वह अपने गुर्गां की मदद से हिंदू लड़कियों को फंसाकर उनका धर्मांतरण करवाता था। इसके एवज में वो उन लड़कों को पैसे मिलते थे। जितने उंचे धर्म की लड़की का धर्म परिवर्तन कराते थे उतना ही अच्छा पैसा मिलता था। पुलिस ने एक जनवरी 2025 से 20 दिसंबर तक 475 प्रकरण पंजीकृत करते हुये 655 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 409 अभियोगों में 379 अभियोगों में आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं।

गौवध और गौ तस्करी में 3,128 अपराधी गिरफ्तार

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि 1 जनवरी से 20 दिसंबर तक प्रदेश में गौतस्करी और गोवध मामले में 1197 मुकदमें दर्ज किए गये हैं। इस दौरान 3,128 अपराधी गिरफ्तार हुए और 958 मामलों में आरोप पत्र दाखिल हुए हैं। 71 प्रकरणों में 613 अभियुक्तों के खिलाफ गुंडा एक्ट जबकि 1,273 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए 73,818,518 रुपये की धनराशि जब्त की गई हैं।

चोरी, लूट डकैती और नकबजनी में बरामदगी

उत्तर प्रदेश पुलिस ने चोरी, लूट, डकैती और नकबजनी के अपराधों में कुल 8,543 दो-पहिया वाहन तथा 911 चार-पहिया वाहन बरामद किए गए। साथ ही 28 करोड़ 69 लाख 21 हजार 835 रुपये की नकदी बरामद हुई। लूट की घटना में 52 करोड़ 27 लाख 91 हजार 706 की ज्वैलरी और नकदी बरामद हुए। इसके अलावा 58 करोड़, 17 लाख, 39 हजार, 729 की अन्य सम्पत्ति बरामदगी की गई, जो इन अपराधों के प्रभावी नियंत्रण एवं सफल अनावरण को दर्शाती है।

बरामद मोबाइल फोन

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में खोए और चोरी गए मोबाइल फोन को भी बरामद किया गया है। 1 जनवरी 2025 से 20 दिसंबर 2025 की अवधि में प्रदेश में रूपये 84,25,74,039 अनुमानित रुपये की कीमत के कुल 54,995 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसी अवधि में 49,404 मोबाइल फोन विधिक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द (वापस) कराये गये। इसकी अनुमानित कीमत 7,65,90,06,19 रुपये थी।

निस्तारित माल मुकदमाती का विवरण

पुलिस विभाग के अनुसार, 01 जनवरी 2025 से 20 दिसंबर 2025 की अवधि में प्रदेश में माल मुकदमाती संबंध में 116877 वाहन, 50,97,53,414 रुपये की नगदी, 76,42,94,805 रुपये की अनुमानित मूल्य के आभूषण, 3,36,52,165 की संख्या में इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं, 84,790 किलोग्राम एवं 9,61,228 लीटर के मादक पदार्थ एवं 39,53,68,072 रुपये की अन्य संपत्ति का निस्तारण कराया गया।

याेगी सरकार में हर साल बढ़ा बजट

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि वर्तमान की उत्तर प्रदेश सरकार के कार्याकाल में वर्ष 2017 (अप्रैल) से 30. नवंबर 2025 तक आरक्षी एवं समकक्ष, उपनिरीक्षक एवं समकक्ष तथा लिपिक संवर्ग के विभिन्न पदों पर कुल 2,19,199 भर्ती की गयी। वर्ष 2017 (अप्रैल) से 30.नवंबर 2025 तक निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी एवं उनके समकक्ष, लिपिक संवर्ग व आरक्षी चालक आदि के विभिन्न पदों पर कुल 1,55,544 कर्मियों को प्रोन्नति प्रदान की गयी। वर्तमान में अराजपत्रित श्रेणी की विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती के 77,480पदों पर भर्ती के लिए कार्यवाही प्रचलित है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी की कुशल खिलाड़ी योजना के अन्तर्गत वर्ष 2025 में कुल 480 कुशल खिलाड़ी को आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती किया गया है । इसके अलावा पुलिस का सुदृढीकरण, विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिकीकरण व लॉजिस्टिक्स उन्नयन के लिए 02 गुना बजट भी दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 39373.92 करोड़ का बजट था तो वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर ये 40661.87 करोड रुपये कर दिया गया। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक