(अपडेट) गुवाहाटी में 80 करोड़ की हेरोइन जब्त, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

 


गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। असम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को गुवाहाटी के लालमाटी इलाके से 10.184 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन जब्त की। जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में पंजाब के लुधियाना निवासी हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ को गुवाहाटी में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की अवैध ढुलाई और संभावित सौदे से संबंधित पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने मामले की निगरानी शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे एसटीएफ की टीम ने लालमाटी इलाके में हरदीप सिंह को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.184 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपित को हिरासत में ले लिया गया।

कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपित के पास से एक महिंद्रा थार वाहन भी जब्त किया। इसके अलावा मोबाइल फोन, विभिन्न दस्तावेज और अन्य आवश्यक सामान भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी इन सामानों की जांच कर रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क और आरोपित के संपर्कों से जुड़ी अहम जानकारी हासिल की जा सके।

हेरोइन की इस बड़ी बरामदगी के संबंध में असम एसटीएफ थाने में केस नंबर 07/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे गुवाहाटी में किसे पहुंचाया जाना था। इसके अलावा आरोपित के साथ जुड़े अन्य लोगों, संभावित आपूर्तिकर्ताओं और तस्करी के पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

एसटीएफ यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क का संचालन किन क्षेत्रों से हो रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच से तस्करी के नेटवर्क से जुड़े और सुराग मिलने की उम्मीद है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय