‘शी इज ए चेंज मेकर’ कार्यक्रम संपन्न, महिला जनप्रतिनिधियों के सशक्त नेतृत्व पर जोर
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) का दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम ‘शी इज ए चेंज मेकर ’ को मंगलवार को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित ताज सूरजकुंड रिजॉर्ट में संपन्न हुआ। 7–8 सितंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 25 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की महिला जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
समापन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न राज्यों की महिला विधायक एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस पहल को “नारी शक्ति और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प का जीवंत संगम” बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से आई महिला जनप्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्रम के तकनीकी सत्रों से उन्हें शासन और जनसेवा को और प्रभावी बनाने के नए दृष्टिकोण मिले हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का नेतृत्व समाज और देश के विकास में परिवर्तनकारी भूमिका निभा सकता है। महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया और सार्वजनिक जीवन में अधिक अवसर देकर लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है।
दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन महिलाओं के नेतृत्व को सशक्त बनाने, नीति निर्माण में उनकी प्रभावी भागीदारी बढ़ाने और देशभर की महिला जनप्रतिनिधियों के बीच सहयोग का मजबूत नेटवर्क विकसित करने के संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दूसरे दिन सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन ने स्वयं सहायता समूह और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पर तकनीकी सत्र लिया। इसमें महिलाओं के लिए वित्तीय सेवाओं, कौशल विकास और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा आयोजित ओपन हाउस चर्चा में एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महिला जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया। चर्चा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, वन स्टॉप सेंटर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीक का उपयोग, सुशासन, सार्वजनिक सेवा वितरण तथा जमीनी स्तर पर महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी