देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की सप्लाई सामान्य, अफवाहों से बचें: केंद्र

 


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत की पेट्रोलियम आपूर्ति में दिक्कत के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। सरकार ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील की है। साथ ही, सरकार ने यह भी बताया कि भारतीय नागरिकों और समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा देश में बंदरगाहों का संचालन भी सामान्य बना हुआ है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में अंतर मंत्रालयी पत्रकार वार्ता में कहा कि पश्चिम एशिया संकट के चलते आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बावजूद घरेलू एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सुचारु है। किसी भी वितरक के पास गैस खत्म होने की कोई सूचना नहीं है। प्रतिदिन बड़े पैमाने पर सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है और हाल ही में लगभग 50 लाख से अधिक घरों तक एलपीजी सिलेंडर पहुंचाए गए हैं। ऑनलाइन बुकिंग का स्तर 98 प्रतिशत और प्रमाणीकरण कोड के साथ डिलीवरी लगभग 93 प्रतिशत है, जबकि वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति भी काफी हद तक बहाल हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पर्याप्त है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रही हैं। कच्चे तेल का भंडार भी पर्याप्त है, जिससे आपूर्ति पर कोई दबाव नहीं है। पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। साथ ही, सरकार ने आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई भी तेज की है, जिसके तहत 255 वितरकों पर जुर्माना लगाया गया है और 65 को निलंबित किया गया है।

विदेश मंत्रालय में अपर सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम आर महाजन ने कहा कि सरकार के प्रयास पश्चिम एशिया क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर केंद्रित हैं। राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है। भारतीय मिशन और दूतावास चौबीसों घंटे हेल्पलाइन संचालित कर रहे हैं और जरूरतमंद नागरिकों की सहायता कर रहे हैं। समय-समय पर परामर्श जारी किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय स्थिति, यात्रा, उड़ानों और वाणिज्य दूतावास सेवाओं से संबंधित जानकारी शामिल है।

वहीं, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि जहाजरानी मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय करते हुए समुद्री गतिविधियों और भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। क्षेत्र में सभी भारतीय समुद्री कर्मचारी सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। अब तक 2,400 से अधिक भारतीय समुद्री कर्मचारियों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है, जिनमें से 30 को पिछले 24 घंटों में खाड़ी क्षेत्र से निकाला गया है। देश के सभी बंदरगाहों पर संचालन सामान्य बना हुआ है और कहीं भी भीड़भाड़ की स्थिति नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर