नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव का सूरत में भव्य स्वागत

 


सूरत, 28 जून (हि.स.)। बिहार विकास परिषद एवं अग्रवाल प्रगति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में डुमस रोड स्थित अग्र एक्जोटिका इम्पीरियल हॉल में नागालैंड के महामहिम राज्यपाल एवं बिहार के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में बिहार विकास परिषद के अध्यक्ष धर्मेश सिंह, सचिव नीरंजन अग्रवाल सहित परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर महामहिम राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं अग्रवाल प्रगति ट्रस्ट के अध्यक्ष नटवरलाल टाटनवाला, सचिव बृजमोहन अग्रवाल एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने उपस्थित लोगों से आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में उनके सामाजिक, राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए वक्ताओं ने उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताया।

समारोह सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बिहार और अग्रवाल समाज के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं सदस्यों के लिए सुस्वादु भोजन की व्यवस्था की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे