श्रीगंगानगर-समस्तीपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी
नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे श्रीगंगानगर और समस्तीपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04731 श्रीगंगानगर-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल 18 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक (कुल सात ट्रिप) प्रत्येक रविवार को श्रीगंगानगर से 13.25 बजे रवाना होकर अगले दिन 23.15 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04732 समस्तीपुर-श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक (कुल सात ट्रिप) प्रत्येक मंगलवार को समस्तीपुर से 00.45 बजे रवाना होकर अगले दिन 12.20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी।
यह ट्रेन सादुलशहर, हनुमानगढ़, संगरिया, मंडी डबवाली, रामां, सिरसा, मंडी आदमपुर, हिसार, हांसी, रोहतक, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में एक सेकंड एसी, दो थर्ड एसी, 11 द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे सहित कुल 20 डिब्बे होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी