सुकमा में नक्सली डम्प से 23 हथियार, 492 जिंदा राउंड और 240 जिलेटिन स्टिक बरामद
सुकमा, 24 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र के भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का भंडाफोड़ किया है। मौके से 23 हथियार, 492 जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। कार्रवाई 24 अगस्त 2026 को आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने आज शाम एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा हथियार एवं विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें डम्प का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसमें 23 हथियार, 492 जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामदगी में एके-47, एसएलआर, इंसास समेत विभिन्न हथियारों के साथ 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलो गन पाउडर और 5 देशी हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली इंटेलिजेंस के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने की।
उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों में एक एसएलआर रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक .410 मस्केट रायफल, छह बीजीएल लांचर, एक सिंगल शॉट रायफल, एक .315 बोर देशी कट्टा, पांच 12 बोर रायफल और सात भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा एसएलआर एवं .303 की मैगजीन भी बरामद की गई हैं।
डम्प से विभिन्न हथियारों के कुल 492 जिंदा राउंड मिले हैं। इनमें एके-47 के 45, एसएलआर के 196, इंसास के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 और 12 बोर के 45 जिंदा राउंड शामिल हैं। इसके साथ 66 बीजीएल कार्टिज, बीजीएल सेल और पांच देशी हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए। सुरक्षा बलों को डम्प से 240 नग जिलेटिन स्टिक और करीब 18 किलोग्राम गन पाउडर भी मिला है। इसके अलावा 40 टाइगर बम पटाखे, छह एक्सीलेटर प्लग समेत अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
डम्प से सात जोड़ी काली वर्दी, 18 मैगजीन पाउच, सात बीजीएल पाउच, 10 कमर पाउच, 32 काले और 22 हरे कमर बेल्ट, 11 व्हिसिल गार्ड, सात मंकी कैप, दो वेल्डर शील्ड, दो सोलर प्लेट और पिट्टु बैग सहित दवाइयां व अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार नक्सलियों द्वारा जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री के डम्प की तलाश के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए नक्सली गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
___________
हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर