छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों का हथियारों का डंप बरामद
नारायणपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ जवानाें के संयुक्त सर्चिग अभियान के दौरान आज शुक्रवार काे नक्सलियों के छिपाकर रखे गए हथियारों का डंप बरामद किया गया।
इसकी पुष्टि करते हुए नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल ने बताया कि नक्सल प्रभावित रहे इलाकाें की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना रही है। नक्सलियों के पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री की तलाश के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ की संयुक्त टीम लगातार सघन सर्चिग अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान थाना कोहकामेटा क्षेत्र के कच्चापाल के घने जंगल में संदिग्ध स्थान की तलाशी लेने पर हथियारों का एक गुप्त डंप मिला, जिसे सुरक्षा बलों ने सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया।
बरामद नक्सल सामग्री में एक 303 रायफल, एक 315 रायफल, एक स्थानीय निर्मित बैरल लांचर, 303 बोर के 17 जीवित कारतूस, 7.62 मिमी के 10 जीवित कारतूस, 12 बोर के चार कारतूस, एक खाली 303 मैगजीन, दो कारतूस फिलर तथा तीन 303 ट्रेसर रॉड शामिल हैं। सभी सामग्री को जब्त कर थाना कोहकामेटा में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा बलों द्वारा जिले के नक्सलमुक्त क्षेत्रों में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों के दौरान नक्सलियों द्वारा वर्षों पहले छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री लगातार बरामद हो रही है। लगातार चल रहे संयुक्त अभियान यह संकेत दे रहे हैं कि सुरक्षाबल अब केवल नक्सल गतिविधियों पर निगरानी ही नहीं, बल्कि उनके पुराने हथियार भंडार को भी व्यवस्थित रूप से समाप्त करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे