फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा गंतव्य बनेगा बंगाल, 'वेव्स फिल्म बाजार' में सरकार ने पेश की नई रूपरेखा
कोलकाता, 23 नवंबर (हि.स.)। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के प्रमुख आकर्षण वेव्स फिल्म बाजार में पश्चिम बंगाल के फिल्म उद्योग की संभावनाओं को प्रमुखता से पेश किया गया। 22 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की सूचना एवं संस्कृति तथा पर्यटन राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. हिरण चटर्जी भी मौजूद रहे।
वेव्स फिल्म बाजार में स्थापित पश्चिम बंगाल पवेलियन में देश-विदेश से पहुंचे निर्माताओं, निर्देशकों और फिल्मकारों को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने प्रस्तावित फिल्म नीति की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए फास्ट-ट्रैक शूटिंग क्लीयरेंस, फिल्मकारों को प्रस्तावित सब्सिडी और फिल्म उद्योग के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की जानकारी दी।
इस दौरान पूर्णिमा चक्रवर्ती ने महोत्सव में भाग लेने वाले अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया। चर्चा में विभिन्न राज्यों की फिल्म नीतियों, फिल्म निर्माण से जुड़े बुनियादी ढांचे और सिनेमा उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए अपनाए जा रहे उपायों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
राज्य मंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल पहली बार राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण फिल्म बाजार में भागीदारी कर रहा है। राज्य की इस पहल को लेकर विभिन्न राज्यों के फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों और सिनेमा प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला है।
उन्होंने विश्वास जताया कि वेव्स फिल्म बाजार में पश्चिम बंगाल की भागीदारी से राज्य के फिल्म उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही, इससे निवेश के नए अवसर खुलेंगे और पश्चिम बंगाल एक आकर्षक फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर