पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया समाप्त, आयोग ने दो विशेष पर्यवेक्षकों को पद से मुक्त किया
कोलकाता, 07 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद चुनाव आयोग ने राज्य में नियुक्त दो विशेष पर्यवेक्षकों को उनके पद से मुक्त कर दिया है। आयोग ने राज्य में चुनाव की निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षक के रूप में सुब्रत गुप्ता और विशेष पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में एनके मिश्रा को नियुक्त किया था। गुरुवार को आयोग ने दोनों को पत्र भेजकर उनकी जिम्मेदारी समाप्त करने की जानकारी दी।
आयोग ने अपने पत्र में कहा कि राज्य में चुनावी प्रक्रिया अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी है, इसलिए विशेष पर्यवेक्षक के पद से उन्हें मुक्त किया जा रहा है। आयोग ने बताया कि दोनों अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी और उन्होंने अपने कर्तव्यों का सही ढंग से पालन किया।
गौरतलब है कि, पिछले वर्ष अक्टूबर में राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)
प्रक्रिया शुरू होने के समय से ही सुब्रत गुप्ता को विशेष रोल पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था। बाद में उनके काम को देखते हुए उन्हें बंगाल विधानसभा चुनाव का विशेष पर्यवेक्षक बनाया गया। वहीं, विधानसभा चुनाव के लिए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एनके मिश्रा को विशेष पुलिस पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब राज्य में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता