असली तृणमूल कौन है, इसका फैसला चुनाव आयोग करेगा : काकाेली घोष दस्तिदार

 


कोलकाता, 11 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कथित विभाजन को लेकर चल रही अटकलों के बीच बारासात से लाेकसभा सांसद काकाेली घोष दस्तिदार के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने दावा किया है कि पार्टी के भीतर एक अलग समूह के साथ लगभग 20 सांसद जुड़े हुए हैं और “असली तृणमूल” का फैसला चुनाव आयोग करेगा।

गुरुवार को मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा कि उनके साथ 20 सांसद हैं और वे सभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ रहने के पक्ष में हैं। उन्होंने दावा किया कि हमारे साथ 20 सांसद हैं, इसलिए असली तृणमूल हम ही हैं। अंतिम फैसला चुनाव आयोग करेगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर असंतोष की चर्चाएं तेज हैं और पार्टी के भीतर दो धड़ों की अटकलें राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

काकाेली घोष दस्तिदार ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को हाल के चुनावी परिणामों से जोड़कर देखना गलत है। उन्होंने दावा किया कि यह प्रक्रिया अचानक नहीं शुरू हुई, बल्कि पिछले लगभग दो वर्षों से इस पर चर्चा चल रही थी। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि हम चुनाव हारने के बाद ऐसा कर रहे हैं। यह प्रक्रिया दो साल से चल रही है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ 40 वर्षों का संबंध रहा है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में वे अलग राजनीतिक रुख अपना रहे हैं।

विपक्ष के नेता और पार्टी के भीतर अलग धड़े के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उन दावों से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि ऋतब्रत बनर्जी क्या करना चाहते हैं, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हम पहले ही एनडीए के साथ रहने का निर्णय ले चुके हैं। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर