फर्जी हस्ताक्षर मामले में तृणमूल विधायक कुणाल घोष को सीआईडी का समन
कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच तेज करते हुए राज्य की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने अब बेलियाघाटा से तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष को पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें रविवार को भवानी भवन स्थित सीआईडी मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इसी दिन तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, कुणाल घोष को शुक्रवार को नोटिस जारी किया गया था। अभिषेक बनर्जी को रविवार दोपहर 12 बजे उपस्थित होने के लिए कहा गया है, जबकि कुणाल घोष को उसी दिन लगभग ढाई बजे सीआईडी मुख्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले सीआईडी अधिकारियों ने साइन फर्जीवाड़ा मामले में कुणाल घोष के आवास पर जाकर उनका बयान दर्ज किया था। अब जांच एजेंसी दोनों नेताओं के बयानों का मिलान कर मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेगी।
उल्लेखनीय है कि, गुरुवार को अभिषेक बनर्जी से सीआईडी ने लगभग साढ़े पांच घंटे पूछताछ की थी। उन्हें शाम छह बजे तक उपस्थित होने को कहा गया था और वह निर्धारित समय से करीब 15 मिनट पहले भवानी भवन पहुंचे थे। पूछताछ के बाद वह रात लगभग साढ़े 11 बजे सीआईडी मुख्यालय से बाहर निकले।
इस मामले में अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता उच्च न्यायालय से 21 दिनों का अंतरिम संरक्षण प्राप्त है। अदालत ने जांच में सहयोग करने की शर्त पर उन्हें यह राहत दी है। इससे पहले सीआईडी द्वारा तीन बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए थे।
जांच के क्रम में सीआईडी की टीम इससे पहले कोलकाता के मेयर व तृणमूल नेता फिरहाद हाकिम के आवास भी पहुंची थी। अधिकारियों ने उनसे कथित विवादित पत्र पर हस्ताक्षर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की थी।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर