ममता बनर्जी ने विपक्ष से किया भाजपा के खिलाफ एकजुटता का आह्वान
कोलकाता, 29 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने 'वोट चोरी' के खिलाफ आगामी एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की एकजुट महारैली का आह्वान किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई प्रत्येक भारतीय के मतदान और चुनाव करने के अधिकार की रक्षा के लिए है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार दोपहर 12:30 बजे विपक्षी गठबंधन रामलीला मैदान में एकजुटता प्रदर्शित करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में मतदान को लेकर उठी चिंताओं और कथित 'वोट लूट' का जवाब दिया जाना चाहिए, क्योंकि इस विषय पर खामोशी बर्दाश्त नहीं की जा सकती है।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर चिंताएं व्यक्त करते हुए बनर्जी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), मतदाता डेटा, मतदाता सूची और मतगणना प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सीधे सवाल खड़े किए। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान करते हुए उन्होंने छात्रों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और नागरिक समाज के सदस्यों से इस महारैली में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की। अपनी पोस्ट में उन्होंने स्पष्ट किया कि जब लोगों के वोट और लोकतांत्रिक अधिकार खतरे में हों, तो खामोश रहना कोई विकल्प नहीं हो सकता है, इसलिए सभी को मिलकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए।
इस बीच, इस महारैली को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार लोगों को एक नवंबर के 'दिल्ली चलो' मार्च के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने से रोकने का प्रयास कर रही है। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नेतृत्व इस विशाल लामबंदी से घबराया हुआ है, जिसके चलते रेलवे अधिकारियों ने तेलंगाना से आने वाले कांग्रेस सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के लिए विशेष ट्रेनें उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि, विपक्षी गठबंधन ने मतदाता सूची में संशोधन, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति और केंद्रीय शासन से जुड़े मुद्दों के विरोध में इस 'वोट बचाओ महारैली' का आयोजन किया है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर