तृणमूल नेता गौतम देव ने सिलीगुड़ी के मेयर पद से दिया इस्तीफा

 


सिलीगुड़ी, 19 जून (हि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफे दे दिया है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला पार्टी नेतृत्व को पहले ही बता दिया था। जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार को प्रशासन के पास औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा।

हाल ही में उन्हें तृणमूल कांग्रेस की दार्जिलिंग जिला (समतल) कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि पार्टी चाहती है कि वह संगठनात्मक कामकाज में अधिक सक्रिय भूमिका निभाएं।

सूत्रों की मानें तो बदले राजनीतिक परिस्थितियों में प्रशासनिक कामकाज सुचारू रूप से नहीं कर पाने की वजह से उन्होंने यह निर्णय लिया है। गुरुवार को मेयर परिषद के साथ हुई बैठक में भी उन्होंने इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की थी।

गौतम देव का राजनीतिक करियर काफी अहम रहा है। 2011 में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्हें उत्तर बंगाल विकास विभाग का मंत्री बनाया गया। 2016 में चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें पर्यटन मंत्री बनाया। हालांकि, 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद 2022 में सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत के बाद उन्हें मेयर बनाया गया। लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में सिलीगुड़ी सीट से उन्हें फिर हार झेलनी पड़ी और शहर के सभी वार्डों में पार्टी के खराब प्रदर्शन को लेकर अंदरूनी नाराजगी भी सामने आई। इसी के बाद से उनके मेयर पद छोड़ने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार