काटवा : पेड़ पर लटका मिला डॉल्फिन का शव

 


काटवा, 22 जनवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में कटवा-(दो) ब्लॉक के अग्रद्वीप स्थित बाबलाडांगा चौधुरीपाड़ा में भागीरथी नदी के किनारे गुरुवार दाेपहर गंगा डॉल्फिन का शव एक पेड़ पर लटका मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लोगों ने देखा कि बबूल के पेड़ पर रस्सी से बंधा डॉल्फिन के बच्चे का शव लटका हुआ था और शव का मुंह काटकर एक टीन के डिब्बे में डाल दिया गया था। सूचना के बाद माैके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।

पूर्व बर्दवान की डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) संचिता शर्मा ने बताया, प्राथमिक जांच से संकेत मिलता है कि तस्कर डॉल्फिन का तेल निकालने के लिए इस तरह का घृणित कृत्य करते हैं। हम इस मामले में पुलिस की सहायता से विस्तृत जांच करेंगे।

इस घटना को देखते हुए पर्यावरण कर्मी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जागरूकता अभियान के बावजूद राष्ट्रीय जलीय जीव की हत्याएं जारी हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

उल्लेखनीय है कि, काटवा की भागीरथी में कल्याणपुर से पाटुली तक 32 किलोमीटर के दायरे में गंगा डॉल्फिन का विचरण क्षेत्र है। यहां 32-35 डॉल्फिन मौजूद हैं। शांखाई घाट पर गंगा डॉल्फिन संरक्षण केंद्र स्थापित होने और वन विभाग तथा डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया द्वारा संयुक्त शोध के बावजूद डॉल्फिन की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय