‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने उत्तम कुमार को दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

 


कोलकाता, 30 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बंगला सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि दिए जाने पर आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यालय से प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ के नवीनतम संस्करण को सुना। उन्होंने कहा कि यह पश्चिम बंगाल के लिए गर्व और खुशी का विषय है कि प्रधानमंत्री ने भारतीय और बंगाली सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार को उनकी सौवीं जन्म शताब्दी के अवसर पर याद किया। उत्तम कुमार की सौवीं जन्म शताब्दी तीन सितंबर को मनाई जाएगी।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तम कुमार की अद्वितीय सिनेमाई प्रतिभा, आकर्षण और अमिट कलात्मक विरासत को बेहद खूबसूरती से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उत्तम कुमार का कालजयी अभिनय आज भी बंगाली सिनेमा की सांस्कृतिक पहचान को परिभाषित करता है और दुनिया भर की नई पीढ़ी के कहानीकारों तथा सिनेमा प्रेमियों को प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर बंगाल के प्रिय महानायक उत्तम कुमार की अमर विरासत का सम्मान और स्मरण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय