अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी सरकारी कर्मचारियों को अनिवार्य सहभागिता

 


कोलकाता, 15 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने वाले को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा निर्देश जारी किया है। सरकार ने साफ कहा है कि इस दिन सभी सरकारी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेना होगा।

राज्य सरकार के मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से 14 जून को जारी निर्देशिका के अनुसार, 21 जून की सुबह 6:30 बजे से 7:45 बजे तक सभी कर्मचारियों को अपने संबंधित दफ्तर, सरकारी आवास, रेड रोड या मिलन मेला परिसर में उपस्थित रहना होगा।

यह निर्देश सिर्फ स्थायी कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि अस्थायी, संविदा, दैनिक वेतनभोगी, आउटसोर्स कर्मचारी और मानदेय पर काम करने वाले कर्मचारियों पर भी लागू होगा। इसके अलावा राज्य के सरकारी उपक्रमों, स्वायत्तशासी संस्थाओं और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को भी योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेना अनिवार्य किया गया है।

इस बार कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मौजूद रहेंगे। उनके साथ बड़े स्तर पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि, 21 जून 2014 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। तब से हर साल प्रधानमंत्री देश या विदेश के किसी खास स्थान पर योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं और योग को लेकर संदेश देते हैं। पिछले साल उन्होंने विशाखापत्तनम में कार्यक्रम किया था, जबकि 2024 में श्रीनगर के डल झील किनारे आयोजित समारोह में शामिल हुए थे। उससे पहले 2023 में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस मनाया गया था।

इस बार कोलकाता में होने वाला आयोजन खास माना जा रहा है, क्योंकि इसमें देश के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी और राज्यभर के सरकारी कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने पहले ही सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता