बंगाल के विकास के लिए केंद्र देगा एक लाख करोड़ रुपये तक की मदद : नितिन गडकरी

 


कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सड़क, पुल और राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार धन की कोई कमी नहीं होने देगी। राज्य में सड़क और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए करीब एक लाख करोड़ तक की राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए उन्होंने कई नई सड़क और पुल परियोजनाओं की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन परियोजनाओं की कुल लागत 8,700 करोड़ से अधिक बताई गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करना, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना, आवागमन को सुविधाजनक बनाना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में रामपुरहाट से सिंचुरा तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क के निर्माण की घोषणा की। इस परियोजना पर करीब 75 करोड़ खर्च होने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मालदा से दुर्गापुर सड़क परियोजना के लिए 750 करोड़ की लागत का भी उल्लेख किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्रियों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

उन्होंने माल बाजार, गुर्जन, चोड़ा माल और नेवरा क्षेत्र में लगभग 6 किलोमीटर लंबे पुल तथा चार लेन सड़क के निर्माण के लिए 375 करोड़ रुपये की परियोजना की घोषणा की। इससे संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। इसी क्रम में दामोदर नदी पर करीब छह किलोमीटर लंबे चार लेन पुल के निर्माण के लिए 300 करोड़ की परियोजना का ऐलान किया गया। इस पुल के बनने से नदी के दोनों किनारों के बीच आवागमन आसान होगा और क्षेत्रीय सड़क संपर्क को मजबूती मिलेगी।

वहीं, दार्जिलिंग जिले में महानंदा नदी पर पुल निर्माण के लिए 270 करोड़ की परियोजना की घोषणा की गई। इस परियोजना को पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के करीब 61 ब्लैक स्पॉट यानी दुर्घटना संभावित स्थानों के सुधार के लिए 5,100 करोड़ की योजना को मंजूरी देने की घोषणा की। इस योजना के तहत दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ सर्विस रोड, अंडरपास, ओवरपास और अन्य आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। गडकरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़क और राजमार्गों का निर्माण करना नहीं है, बल्कि उन पर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आधुनिक तकनीक और बेहतर सड़क डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नितिन गडकरी ने कहा कि उनका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल के राष्ट्रीय राजमार्गों को अमेरिका के बराबर गुणवत्ता वाला बनाना है। उन्होंने विकसित भारत के साथ विकसित बंगाल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बंगाल को पिछड़े राज्य के रूप में नहीं, बल्कि प्रगतिशील, समृद्ध और संपन्न राज्य के रूप में विकसित करना होगा। राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क बनने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार और परिवहन की लागत कम होगी तथा पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ पहुंचेगा। मजबूत राजमार्ग व्यवस्था से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच समन्वय का उल्लेख किया। डबल इंजन सरकार की अवधारणा पर जोर देते हुए उन्हाेंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के दोनों इंजन मिलकर विकास की बुलेट ट्रेन को तेज गति से आगे बढ़ाएंगे। बंगाल में विकास की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए केंद्र सरकार राज्य के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

नितिन गडकरी ने कहा कि वह पहली बार बंगाल में इस तरह की व्यापक घोषणाओं के साथ आए हैं और यह केवल शुरुआत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि करीब छह महीने बाद वह फिर पश्चिम बंगाल आएंगे। तब तक घोषित परियोजनाओं को शुरू करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया समय पर पूरी करना, वन एवं पर्यावरण संबंधी मंजूरियां प्राप्त करना और निर्माण स्थलों पर मौजूद अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में देरी से बचने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करना होगा। केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय सहायता में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। बंगाल के विकास के लिए जितनी राशि की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि पश्चिम बंगाल को समृद्ध, संपन्न और विकसित बनाने के सपने को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार पूरी मजबूती के साथ राज्य के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से बंगाल सड़क, परिवहन, उद्योग और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में विकास के नए मुकाम हासिल करेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा