(अपडेट) दुर्गापुर न्यू स्टील पार्क में एनआइए की कार्रवाई, पूछताछ के बाद आरोपित काे दिल्ली ले जाया गया
(अपडेट - आराेपित काे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली रवाना काे जाेड़ते हुए)
पश्चिम बर्दवान, 27 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित न्यू स्टील पार्क इलाके में छापेमारी कर गुलाम जमा उर्फ गुलाम रजा उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया। एनआईए की छह सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उसके किराए के मकान पर तलाशी अभियान चलाया और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया। बाद में आरोपी को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया।
गुलाम रजा करीब चार साल पहले अपने परिवार के साथ न्यू स्टील पार्क में किराए पर रहने आया था। पड़ोसियों का कहना है कि वह पिछले छह महीने से मलेशिया में था। हालांकि, उसके वास्तविक कामकाज और गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों के पास स्पष्ट जानकारी नहीं है।
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में सामने आए एक मामले में गुलाम रजा का नाम सामने आया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह मध्य-पूर्व के देशों में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर भेजने के नाम पर मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) या अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़े किसी नेटवर्क का हिस्सा था।
स्थानीय निवासी सलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार गुलाम रजा एक ट्रैवल एजेंसी से जुड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में फर्जी पासपोर्ट से जुड़े एक मामले में उसका नाम सामने आया था। आरोप है कि कुछ लोगों को जाली पासपोर्ट के जरिए विदेश भेजा गया था और बाद में वे भी पकड़े गए, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू हुई। सलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि उन्हें यह जानकारी मिली है और जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि अंडाल में उसके एक करीबी रिश्तेदार की टायर रिपेयर की दुकान है। फिलहाल, एनआइए यह पता लगाने में जुटी है कि गोलाम रजा की विदेश यात्राओं का उद्देश्य क्या था, वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसका किसी संगठित नेटवर्क से संबंध था।
हालांकि, एनआइए की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा