हरियाणा में हत्या के बाद नेपाल भागने की फिराक में तीन युवक बागडोगरा में गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 21 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक युवक की कथित हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपितों को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जसंदीप सिंह, करण कौशल और आशीष सिंह के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बागडोगरा थाना पुलिस और सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपित बागडोगरा के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। सोमवार को हरियाणा पुलिस ने तीनों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड पर लेकर हरियाणा रवाना हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना 14 सितंबर की रात कुरुक्षेत्र में हुई थी। गाड़ी साइड करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान कुछ युवकों ने लाठी और तलवार से गुरप्रीत सिंह और उनके रिश्तेदार गगनदीप सिंह पर हमला कर दिया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। हमले में घायल दोनों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन ही गुरप्रीत सिंह का जन्मदिन था।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मृतक के परिवार की ओर से पिहोवा थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से तीनों आरोपित फरार थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर बागडोगरा थाना पुलिस और एसओजी ने संयुक्त अभियान चलाकर रविवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित पहले भूटान में रहे थे और बाद में सिलीगुड़ी के एक गुप्त ठिकाने पर छिपे हुए थे। वहां से वे बागडोगरा के रास्ते नेपाल जाने की तैयारी में थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार