ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर थाने में शिकायत दर्ज

 


सिलीगुड़ी, 27 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। अधिवक्ता रिंकी चटर्जी द्वारा मंगलवार को दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025 में कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित ईद कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने कथित रूप से हिंदुत्व और हिंदू समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके अलावा, 2026 विधानसभा चुनाव से पहले एक धरना मंच से भी हिंदुओं के खिलाफ विवादित बयान देने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने पहले प्रधान नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत लेने से इनकार कर दिया। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया।

इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक और कानूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार