सिलीगुड़ी के प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. महेंद्र नाथ राय को मिलेगा पद्मश्री सम्मान

 


सिलीगुड़ी, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर बंगाल के प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. महेंद्र नाथ राय को देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा होते ही डॉ. राय भावुक हो उठे और उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण बताया।

डॉ. महेंद्र नाथ राय उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के विज्ञान विभाग के पूर्व डीन तथा अलीपुरद्वार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति रह चुके हैं। उन्होंने रसायन विज्ञान के क्षेत्र में दशकों तक शिक्षण, शोध और अकादमिक नेतृत्व के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसके साथ ही समाजसेवा के प्रति उनके निरंतर समर्पण को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष उन्हें पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की गई है।

सम्मान की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. राय ने कहा कि यह उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि वे एक किसान परिवार से आते हैं और बचपन से ही गरीबी को बहुत करीब से देखा है। इसके बावजूद उन्होंने हमेशा आम लोगों के साथ खड़े रहकर समाज के लिए कार्य करने का प्रयास किया।

उन्होंने इस सम्मान को व्यक्तिगत सफलता मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह उन सभी लोगों के लिए सम्मान है, जो बिना किसी अपेक्षा के चुपचाप समाज की सेवा में लगे रहते हैं। डॉ. राय के अनुसार, आर्थिक संकट, सामाजिक बाधाएं और व्यक्तिगत संघर्ष उनके जीवन का हिस्सा रहे हैं, लेकिन लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने की इच्छा ने उन्हें सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी डॉ. महेंद्र नाथ राय को शिक्षारत्न, शिक्षा ज्योति, बंग भूषण पुरस्कार और सी. वी. रमन पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार