कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढहने से कई मजदूर मलबे में दबे, सेना भी बचाव कार्य में जुटी
कोलकाता, 24 जून (हि.स.)। कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक ढह गई। हादसे के समय वहां 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे। छत और लोहे के भारी ढांचे के मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। अब तक 6 से 7 मजदूरों को बाहर निकाला गया है, जबकि बचाव अभियान जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, आपदा राहत दल और सेना के जवान मौके पर पहुंच गए। बचाव दल गैस कटर की मदद से लोहे के बीम काटकर मलबे में फंसे मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। घटनास्थल पर क्रेन भी लगाई गई है, जिसके जरिए भारी मलबे को हटाया जा रहा है।
लोगों के अनुसार, ढलाई का काम चल रहा था, तभी निर्माणाधीन गोदाम का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे के नीचे दबे कुछ मजदूरों की आवाज सुनाई देने का दावा भी किया जा रहा है। आसपास के लोगों ने शुरुआत में स्वयं राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद प्रशासनिक टीमें पहुंचीं।
घटनास्थल पर कई एंबुलेंस तैनात की गई हैं। बाहर निकाले गए घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल, किसी के मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने से हताहतों की आशंका बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण के दौरान मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे या नहीं। स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन ढांचा कमजोर हो गया होगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर