कुख्यात अपराधी कमल देव हावड़ा से गिरफ्तार, दूसरी कार्रवाई में उत्तराखंड से सोना लूटकांड का मुख्य आरोपित दबोचा

 


हुगली, 10 जुलाई (हि. स.)। हत्या, रंगदारी, डकैती और कई संगीन मामलों में वांछित हुगली के कुख्यात अपराधी कमल देव को आखिरकार रिषड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे हावड़ा के लिलुआ थाना क्षेत्र के जगदीशपुर से धर दबोचा। वहीं दूसरी ओर, पांडुआ थाना पुलिस ने बैची में सोना और नकदी लूटकांड के मुख्य आरोपित को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है।

रिषड़ा थाना सूत्रों के अनुसार, कमल देव हत्या, रंगदारी और डकैती समेत कई मामलों में आरोपित है। एक समय रिषड़ा के नतूनग्राम इलाके में कमल और उत्पल का आतंक था। गुरुवार देर रात रिषड़ा थाना प्रभारी परमेश्वर प्रमाणिक के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने हावड़ा के जगदीशपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, 30 जून को रिषड़ा के बांगुर पार्क के पीछे नेल्को फैक्ट्री के पास कमल के नेतृत्व में 15 से 20 बदमाश हथियारों के साथ किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। सूचना पाकर पुलिस ने छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था, लेकिन कमल अपने कुछ साथियों के साथ फरार हो गया था।

उस मामले में गिरफ्तार आरोपित रोहित शर्मा ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था कि कमल ने उसे एक आग्नेयास्त्र और एक कारतूस दिया था। इसके बाद पुलिस लगातार कमल की तलाश में जुटी थी। उसके संभावित ठिकानों की जानकारी मिलने के बाद जगदीशपुर में अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

शुक्रवार को कमल को 10 दिन की पुलिस हिरासत की मांग के साथ श्रीरामपुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि हिरासत के दौरान हथियारों की बरामदगी और फरार अन्य आरोपितों की तलाश की जाएगी।

उधर, पांडुआ थाना की पुलिस ने बैंची में एक सर्राफा व्यवसायी से सोना और नकदी लूटने के मामले में मुख्य आरोपित लिपन राय को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जून को बैंची के मोमलेजपुर निवासी गणेश सरकार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात दुकान बंद कर घर लौटते समय दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। बैग में 50 से 70 ग्राम सोना और लगभग 50 हजार रुपये नकद थे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चाराबागान निवासी लिपन राय इस वारदात में शामिल था। उसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और गुरुवार रात उत्तराखंड से उसे गिरफ्तार कर पांडुआ ले आई।

शुक्रवार को आरोपित को 10 दिन की पुलिस हिरासत की मांग के साथ चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय