पश्चिम बंगाल में विजयी उम्मीदवारों की सूची के साथ राज्यपाल से मिले मुख्य चुनाव अधिकारी

 

कोलकाता, 06 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। बुधवार को राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात की। उनके साथ चुनाव आयोग का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।

इस दौरान चुनाव आयोग द्वारा जारी नई विधानसभा के गठन की आधिकारिक अधिसूचना राज्यपाल को सौंपी गई। साथ ही 2026 के विधानसभा चुनाव में विजयी रहे 294 सीटों के उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेज भी जमा किए गए।

लोकभवन के ऐतिहासिक ‘थ्रोन हॉल’ में राज्यपाल और चुनाव आयोग के अधिकारियों के बीच काफी देर तक चर्चा हुई। मुलाकात के बाद सभी अधिकारियों ने एक साथ फोटो सेशन में भी हिस्सा लिया।

इस बैठक के साथ राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और अब सरकार गठन को लेकर अंतिम तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा