राज्य की आय बढ़ाना होगी प्राथमिकता, नए राजस्व स्रोत तलाशे जाएंगे : वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता
कोलकाता, 10 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के नए वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने बुधवार को पदभार संभालने के बाद कहा कि राज्य की आय बढ़ाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक व्यवस्था में मौजूद कमियों और राजस्व बढ़ाने के नए रास्तों की पहचान की जाएगी।
रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्वपन दासगुप्ता को राज्य का वित्त मंत्री बनाया गया है। वर्ष 2022 में तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्र के पद छोड़ने के बाद कुछ समय तक यह विभाग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास था। बाद में चंद्रिमा भट्टाचार्य को वित्त विभाग का स्वतंत्र प्रभार दिया गया था।
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक चलाने के लिए राज्य की आय बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, उत्पादन बढ़ेगा और राजस्व में वृद्धि होगी, तभी जनकल्याण योजनाएं भी बेहतर ढंग से संचालित हो सकेंगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य की आय का बड़ा हिस्सा पेट्रोल और मदिरा से प्राप्त होता है। उन्होंने इस आय के दायरे को बढ़ाने और नए स्रोत विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
टैक्स बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि केवल कर बढ़ाने से राजस्व नहीं बढ़ता। कई बार करों में कमी करके भी आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा कर उचित रणनीति तैयार की जाएगी।
उत्तर बंगाल के विकास को सरकार की प्राथमिकताओं में बताते हुए स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि वह गुरुवार को उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे। शुक्रवार को चाय बागान श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानने और समाधान की दिशा में कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता