पश्चिम एशिया में तनाव के बीच दुबई में अटका पश्चिम मेदिनीपुर का इंजीनियर

 


मेदिनीपुर, 03 मार्च (हि. स.)। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा निवासी अपूर्व खाड़ा दुबई में फंस गए हैं। उगांडा के लिए रवाना हुए अपूर्व की कनेक्टिंग फ्लाइट रद्द होने के कारण वह फिलहाल होटल में ठहरे हुए हैं। हालांकि दुबई सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा और रहने-खाने का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया है, फिर भी परिवार में चिंता का माहौल है।

डेबरा के अयोध्यापुर निवासी अपूर्व ने पॉलिटेक्निक पास करने के बाद बेंगलुरु की एक कंपनी में नौकरी शुरू की थी। वर्तमान में कार्यरत कंपनी के सिलसिले में उन्हें अक्सर रवांडा, उगांडा और केन्या जाना पड़ता है। शनिवार रात वह फ्लाई दुबई की उड़ान से दुबई पहुंचे थे। रविवार सुबह साढ़े पांच बजे दुबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दोपहर डेढ़ बजे उनकी उगांडा के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट थी, लेकिन उड़ान से महज 20 मिनट पहले देरी की सूचना दी गई और शाम तक सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अपूर्व ने बताया कि रविवार शाम करीब 6:50 बजे जब सभी फ्लाइट रद्द होने की घोषणा हुई, तब यात्रियों को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हुआ। उस समय एयरपोर्ट पर करीब पांच हजार यात्री मौजूद थे, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय भी थे। एयरलाइंस ने पहले परिवार वाले यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, उसके बाद अकेले युवकों को एयरपोर्ट से 30-40 किलोमीटर दूर होटल में ठहराया गया। एक कमरे में कई लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है।

अपूर्व ने बताया कि उन्होंने खुद दुबई के आसमान में मिसाइल उड़ते देखे, जिससे पहले वह काफी डर गए थे। हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।

जिस होटल में अपूर्व ठहरे हैं, वहां करीब 200 भारतीय मौजूद हैं। इनमें बहरमपुर, मध्यग्राम, मेचेदा, चिनार पार्क और हल्दिया के लोग भी शामिल हैं। सभी एक-दूसरे के संपर्क में हैं और परिवार से नियमित वीडियो कॉल पर बात कर रहे हैं, ताकि चिंता कम हो सके।

मंगलवार सुबह अपूर्व के भाई सुमन और पत्नी पिंकी ने बताया कि वीडियो कॉल पर बातचीत के बाद उन्हें कुछ राहत मिली है। होटल के बाहर सामान्य गतिविधियां जारी हैं, जिससे स्थिति कुछ हद तक सामान्य लग रही है। परिवार ने अपील की है कि जैसे ही स्थिति सामान्य हो जाए अपूर्व सुरक्षित घर लौट आएं।

अपूर्व ने वीडियो कॉल द्वारा यह भी बताया कि होटल में भारतीय भोजन उपलब्ध है और भारतीय कर्मचारी भी मौजूद हैं, जिससे उन्हें ज्यादा असुविधा नहीं हो रही है। अब सभी की निगाहें हालात के शांत होने पर टिकी हैं, ताकि वे अपने कार्यस्थल उगांडा जा सकें या जरूरत पड़ने पर भारत लौट सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता