पश्चिम बंगाल में ईडी का बड़ा एक्शन, 290 करोड़ के बैंक घोटाले में चार जिलों में छापेमारी
कोलकाता, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एक निजी कंपनी के बैंक धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी राज्य के चार जिलों में एक साथ तलाशी अभियान चला रही है। शुक्रवार सुबह ईडी के अधिकारी केंद्रीय बलों के साथ कोलकाता, हावड़ा, हुगली और आसनसोल पहुंचे। यह छापेमारी 290 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़ी है। आरोप है कि झारखंड के एक बिजली संयंत्र का पैसा अवैध रूप से कोलकाता भेजा गया था। जांचकर्ताओं का दावा है कि फर्जी कंपनियां बनाकर करोड़ों के काले धन को सफेद किया गया है और इसी सिलसिले में यह व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार तड़के जांचकर्ताओं ने हावड़ा के विवेक विहार स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट तरुण कुमार जैन के आवास पर छापा मारा और उनके विभिन्न दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसके साथ ही, हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में शिबतला स्ट्रीट स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट सुदीप्त घोष के घर तथा कोलकाता के लेकटाउन और आसनसोल में भी दो अन्य चार्टर्ड अकाउंटेंट के घरों पर केंद्रीय एजेंसी की लगातार तलाशी जारी है।
इस छापेमारी के संदर्भ में उत्तरपाड़ा के चार्टर्ड अकाउंटेंट सुदीप्त घोष ने कहा कि अधिकारी अदालत की अनुमति लेकर ही उनके घर आए हैं। ईडी जांच कर रही है और इसका भ्रष्टाचार से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह जांच किस शिकायत के आधार पर की जा रही है।
फिलहाल, जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि 290 करोड़ के इस बड़े वित्तीय लेन-देन में कौन-कौन लोग शामिल हैं और फर्जी कंपनियों के माध्यम से पैसे की हेराफेरी किस तरह से की गई थी। इस तलाशी अभियान के दौरान कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज या सबूत बरामद हुआ है या नहीं, इस बारे में ईडी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर