दत्तपुकुर की बनियान फैक्टरी में बॉयलर विस्फोट, एक श्रमिक की मौत- प्रबंधक हिरासत में
कोलकाता, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर में एक बनियान निर्माण फैक्टरी में शुक्रवार को बॉयलर फटने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल श्रमिक को बारासात मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसा दत्तपुकुर थाना क्षेत्र के तालधारिया घोषपाड़ा स्थित एक बनियान फैक्टरी में हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि कपड़े की रंगाई के दौरान बॉयलर में अत्यधिक दबाव बनने से विस्फोट हुआ। हालांकि, वास्तविक वजह का पता लगाने काे जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय संजय सामंत के रूप में हुई है। हादसे के समय दोनों श्रमिक बॉयलर के पास काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि संजय सामंत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लोगों ने फैक्टरी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लंबे समय से बॉयलर का रखरखाव नहीं किया गया था। यह भी आरोप है कि इलाके की कई फैक्टरियों में समय-समय पर इस तरह की दुर्घटनाएं होती रही हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।
मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को घटनास्थल पर बुलाया गया है। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और दुर्घटना में किसी की लापरवाही की भूमिका रही है या नहीं।
पुलिस ने पूछताछ के लिए फैक्टरी के प्रबंधक को हिरासत में लिया है। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने फैक्टरी को फिलहाल सील कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर