सभी भाषाओं में राज्य का नाम होगा 'पश्चिमबंग', 9 दिसंबर को विधानसभा में लाएंगे प्रस्ताव : शुभेंदु अधिकारी

 


कोलकाता, 23 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल ने सभी भाषाओं में राज्य का नाम 'पश्चिमबंग' करने का निर्णय लिया है। सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस फैसले की घोषणा की। आगामी 4 दिसंबर से पश्चिम बंगाल विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है और इसी सत्र में 9 दिसंबर को नाम परिवर्तन से जुड़ा औपचारिक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे भारत सरकार के पास भेजा जाएगा, जिसके उपरांत केंद्र और संसद संवैधानिक व कानूनी प्रक्रिया के तहत अंतिम कदम उठाएंगे।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ दिसंबर को विधानसभा में एक प्रस्ताव लाया जा रहा है। इसके पारित होने के बाद हम इसे भारत सरकार को भेजेंगे। अब अंग्रेजी समेत सभी भाषाओं में राज्य का नाम 'पश्चिमबंग' ही होगा। उन्होंने राज्य के गठन के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है। 20 जून, 1947 को पश्चिमबंग के गठन का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। यही होना चाहिए 'वेस्ट बंगाल' के बजाय हर जगह 'पश्चिमबंग' ही होगा।

गौरतलब है कि, अक्टूबर की शुरुआत में ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शमीक भट्टाचार्य ने सभी भाषाओं में राज्य का नाम 'पश्चिमबंग' करने की मांग स्पष्ट रूप से रखी थी और आगामी विधानसभा सत्र में इस संबंध में नया प्रस्ताव लाने के संकेत दिए थे। सोमवार को मंत्रिमंडल की मंजूरी के साथ मुख्यमंत्री ने उसी मांग पर औपचारिक मुहर लगा दी।

राज्य के नाम परिवर्तन का मुद्दा काफी पुराना है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने राज्य का नाम बदलकर 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित किया था, लेकिन उसे केंद्रीय गृह मंत्रालय की स्वीकृति नहीं मिल सकी थी।

वर्तमान भाजपा सरकार का मानना है कि अंग्रेजी में नाम की शुरुआत 'डब्ल्यू' से होने के कारण किसी भी सरकारी या आधिकारिक सूची में राज्य का नाम सबसे नीचे आता था, जिससे प्रशासनिक स्तर पर असुविधा होती थी। सत्तारूढ़ दल का तर्क है कि नाम की शुरुआत 'पी' से होने पर आधिकारिक सूचियों में राज्य को अपेक्षाकृत ऊपर स्थान मिल सकेगा।

इस निर्णय पर तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कार्यक्रमों में 'वेस्ट बंगाल' नाम होने के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता है, इसीलिए ममता बनर्जी ने अपने कार्यकाल में राज्य का नाम 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव रखा था।

कुणाल घोष ने कहा कि सरकार ने 'बांग्ला' को खारिज कर 'पश्चिमबंग' करने का फैसला किया है, जबकि 'बांग्ला' होने से प्रशासनिक कार्यों में राज्य को अधिक सुविधा मिलती। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 'पश्चिमबंग' नाम से उन्हें कोई व्यक्तिगत आपत्ति नहीं है।

उल्लेखनीय है कि, किसी भी राज्य का नाम बदलने की एक निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया होती है। सबसे पहले नाम परिवर्तन संबंधी प्रस्ताव या विधेयक राज्य विधानसभा में पारित कर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा जाता है। वहां से यह राष्ट्रपति के पास जाता है। राष्ट्रपति इस पर विचार-विमर्श करते हैं और यदि कोई बिंदु स्पष्ट न हो या कोई अतिरिक्त जानकारी चाहिए हो, तो वे संबंधित राज्य विधानसभा से स्पष्टीकरण मांग सकते हैं। संतुष्ट होने के बाद राष्ट्रपति की ओर से विधेयक संसद में भेजा जाता है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों से पारित होने के बाद विधेयक अंतिम स्वीकृति के लिए पुनः राष्ट्रपति के पास जाता है। राष्ट्रपति की अंतिम मुहर लगने के बाद ही राज्य का नाम आधिकारिक रूप से परिवर्तित होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर