खराब मौसम के कारण शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की कोलाघाट में हुई आपात लैंडिंग
कोलकाता, 11 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के केशपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की मंगलवार को खराब मौसम के चलते कोलाघाट में आपात लैंडिंग कराई गई। बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए पायलट ने कोई जोखिम नहीं लिया और सुबह 11:56 बजे हेलिकॉप्टर को कोलाघाट में सुरक्षित उतारा गया।
पूर्व मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने बताया कि हेलिकॉप्टर से आवागमन के दौरान नजदीकी इलाकों में वैकल्पिक लैंडिंग की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाती है। कोलाघाट में भी ऐसी व्यवस्था मौजूद थी। इलाके में बारिश और खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर को वहीं उतारने का फैसला लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर ने कोलकाता से उड़ान भरी थी और उस समय मौसम सामान्य था। हालांकि, केशपुर की ओर बढ़ने के दौरान मौसम अचानक खराब होने लगा। इस दाैरान पायलट ने सावधानी बरतते हुए हेलिकॉप्टर काे कोलाघाट में लैंडिंग कराई।
कोलाघाट में हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से केशपुर स्थित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। वहीं, मौसम में कुछ सुधार होने के बाद हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 12:40 पर दोबारा उड़ान भरी और करीब एक बजे केशपुर में लैंड किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से ही केशपुर पहुंचते तो वह करीब 40 मिनट पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाते। हालांकि, खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग का इस्तेमाल करने से उनके पहुंचने में कुछ अतिरिक्त समय लगा।
इस बीच, अलीपुर मौसम कार्यालय ने राज्य में सक्रिय मानसून के बीच उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी बारिश हो सकती है।
पूर्व मेदिनीपुर में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश के साथ झोंकेदार हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और विमानन अधिकारियों की ओर से भी विशेष सावधानी बरती जा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर