बंगाल : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सीएम शुभेंदु संग सुनी 'मन की बात'
कोलकाता, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे। राज्य में आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों के मद्देनजर उनके इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद नबीन सीधे न्यू टाउन स्थित कन्वेंशन सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य, प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल और राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो प्रसारण 'मन की बात' को सुना।
राज्य में सत्ता में आने के बाद संगठन को और अधिक सुदृढ़ व व्यवस्थित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह से रणनीतिक बैठकों पर केंद्रित है। 'मन की बात' कार्यक्रम के बाद, कन्वेंशन सेंटर में ही सांगठनिक बैठकों का मैराथन दौर शुरू हो गया। उन्होंने राज्य के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ विशेष रणनीति सत्र आयोजित किया, जिसमें संसदीय और विधायी पहलों को राज्य की जनता की आकांक्षाओं और 'डबल इंजन' सरकार के विकास मॉडल के अनुरूप ढालने पर गहन मंथन किया गया। वहीं, देर शाम नितिन नबीन प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की एक अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे प्रबुद्ध नागरिकों, नागरिक समाज के नेताओं और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के साथ भी विचार-विमर्श करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दूसरे दिन सोमवार काे कार्यक्रम पार्टी के 'सेवा ही संगठन' दर्शन पर केंद्रित रहेगा। नबीन सुबह 10:30 बजे देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत पानीहाटी (सोदपुर) के लोक संस्कृति भवन में आयोजित 'आंगन का मिलन' सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वह सामुदायिक स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 12:30 बजे वह स्पेस सर्कल क्लब में आयोजित 'युवा संवाद कॉन्क्लेव' में राज्य के युवा नेतृत्व को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में वह 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय रोडमैप के अनुरूप एक प्रगतिशील, समृद्ध और सशक्त 'सोनार बांग्ला' का विजन पेश करेंगे। हाल ही में राज्य संगठन में हुए बदलावों के बीच इस दौरे को पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर